आइजी गर्ग, एसएसपी शशिमोहन समेत 11 पुलिस अफसरों को मिलेगा राष्ट्रपति मेडल..

शेयर करें...

रायपुर// स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए इन पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक प्रदान करेंगे। इन पदकों की घोषणा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बीते 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर की थी।

Join WhatsApp Group Click Here

विशिष्ट सेवा के लिए एक अधिकारी को पदक

विशिष्ट सेवा पदक के लिए धमतरी रक्षित केंद्र के सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत का चयन किया गया है। उन्हें पुलिस विभाग में दी गई विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा।

सराहनीय सेवा के लिए 10 अधिकारी-कर्मचारी

सराहनीय सेवा पदक के लिए पुलिस विभाग के 10 अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन किया गया है। इनमें बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह और रायपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा शामिल हैं। इसके अलावा एटीएस रायपुर की पुलिस अधीक्षक राजश्री मिश्रा, 6वीं वाहिनी छसबल रायगढ़ की सेनानी निवेदिता पाल, 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद की सेनानी मनीषा ठाकुर रावटे को भी पुलिस सम्मान प्रदान किया जाएगा।

इन्हें भी मिलेगा सम्मान

सराहनीय सेवा के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य), रायपुर नगरीय तारकेश्वर पटेल, विशेष शाखा पीएचक्यू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उनैजा खातून अंसारी, प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई के सहायक सेनानी जयलाल मरकाम और 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद के प्लाटून कमांडर हजारी लाल साहू का भी चयन किया गया है। 15 अगस्त को होने वाले समारोह में राष्ट्रपति मेडल प्रदान कर इन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवाओं को सम्मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर घोषित इन पदकों का स्वतंत्रता दिवस समारोह में वितरण किया जाना पुलिस विभाग के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

Scroll to Top