शेयर करें...
बलरामपुर// जिले के हंसपुर गांव में हुए बहुचर्चित ग्रामीण हत्याकांड में अब एक नया और अहम मोड़ सामने आया है। इस मामले में पहले से जेल में बंद आरोपी, तत्कालीन एसडीएम करुण डहरिया को पुलिस ने न्यायालय से अनुमति लेकर 3 दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे मामले से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, करुण डहरिया पिछले 42 दिनों से न्यायिक रिमांड में जेल में बंद था। इस दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े कई तकनीकी साक्ष्य (टेक्निकल एविडेंस) जुटाए हैं। अब इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी से आमने-सामने पूछताछ कर सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि रिमांड के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं, जो जांच को नई दिशा देंगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हंसपुर गांव में हुए इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। शुरुआत से ही यह मामला संवेदनशील और चर्चित बना हुआ है, क्योंकि इसमें एक प्रशासनिक अधिकारी का नाम सामने आया था। इसी वजह से पुलिस हर पहलू को बेहद गंभीरता और सावधानी से जांच रही है।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से घटना के दिन की गतिविधियों, संभावित साजिश, अन्य संलिप्त लोगों और मोबाइल लोकेशन सहित कई बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। साथ ही कॉल डिटेल्स, डिजिटल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का मिलान भी किया जा रहा है, ताकि घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, लेकिन अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचने के लिए आरोपी से सीधी पूछताछ बेहद जरूरी थी। यही कारण है कि कोर्ट से पुलिस रिमांड की मांग की गई, जिसे स्वीकार कर लिया गया।



