हंसपुर पिटाई कांड : SDM पर पिटाई का आरोप, बुजुर्ग की मौत, करुण डहरिया समेत 4 गिरफ्तार..

शेयर करें...

बलरामपुर// जिले के हंसपुर गांव में रविवार रात हुई घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है। कुसमी के SDM करुण डहरिया और राजस्व टीम पर तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट का आरोप है। इस कथित पिटाई में घायल 60 वर्षीय राम नरेश राम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण घायल हैं। मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का अपराध दर्ज किया है। इस मामले में SDM करुण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव को गिरफ्तार किया गया है। नायब तहसीलदार पारस शर्मा का नाम FIR में शामिल नहीं है। पुलिस का कहना है कि वे मौके पर मौजूद थे, लेकिन मारपीट में शामिल नहीं पाए गए।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, रविवार देर शाम कुसमी के SDM करुण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा राजस्व टीम के साथ हंसपुर पहुंचे थे। वहां बॉक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच की जा रही थी। रात करीब 9 बजे सरना के पास तीन ग्रामीण टीम को मिले।

आरोप है कि SDM और उनके साथ मौजूद लोगों ने तीनों ग्रामीणों को लाठी और लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर कुसमी ले जाया गया। रास्ते में राम नरेश राम की हालत बिगड़ी और वे बेहोश हो गए। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया, जहां इलाज के दौरान राम नरेश राम की मौत हो गई। घायल अजीत उरांव और आकाश अगरिया का इलाज जारी है।

घायल

घायलों का आरोप

घायल आकाश अगरिया और अजीत उरांव ने बताया कि वे गेहूं के खेत में सिंचाई कर लौट रहे थे। तभी दो वाहनों में सवार 6 से 7 लोगों ने उन्हें रोका और पूछताछ के बाद मारपीट शुरू कर दी। उनके अनुसार, उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाया गया और रास्ते में राम नरेश राम बेहोश हो गए।

अवैध खनन से जुड़ा मामला

बताया जा रहा है कि हंसपुर में अवैध बॉक्साइट उत्खनन की सूचना पर राजस्व टीम पहुंची थी। ग्रामीणों द्वारा एक बॉक्साइट लोड ट्रक पकड़े जाने और ब्लैकमेलिंग की आशंका की भी चर्चा है। इसी सूचना के बाद अधिकारी मौके पर गए थे। जानकारी यह भी है कि टीम सुरक्षाकर्मियों के बिना स्थानीय युवकों के साथ गई थी।

बाहर के डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम

घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। आदिवासी समाज और ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए बाहर के डॉक्टरों से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके बाद अंबिकापुर से फोरेंसिक विशेषज्ञ प्रभात भगत को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई हुई।

सियासत गरम

कांग्रेस ने घटना को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि बॉक्साइट खनन के नाम पर खेत से लौट रहे ग्रामीणों की पिटाई की गई। प्रशासन दबाव और हिंसा के जरिए प्रदेश को नियंत्रित कर रहा है।

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि अधिकारी निजी लोगों को साथ लेकर गए थे और ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई, जिससे मौत हुई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस और सरकार का बयान

बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने कहा कि साक्ष्यों और घायलों के बयान के आधार पर हत्या का अपराध दर्ज किया गया है। SDM सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

करुण डहरिया का प्रोफाइल

  • 2019 बैच के प्रशासनिक अधिकारी
  • गरियाबंद में जनपद पंचायत CEO रह चुके
  • 2022 में एंटी करप्शन ब्यूरो ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया था
  • बोरवेल खनन बिल पास कराने के बदले पैसे मांगने का आरोप
  • गिरफ्तारी के बाद निलंबन
  • निलंबन के बाद से बलरामपुर जिले में पदस्थ

घटना के बाद कुसमी में ग्रामीणों ने चक्काजाम किया। इलाके में तनाव है और पूरे मामले की जांच जारी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में क्या सामने आता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

Scroll to Top