शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को सरिया नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारतीय जनता पार्टी मंडल सरिया द्वारा आयोजित इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीईओ जनपद पंचायत बरमकेला शिक्षा शर्मा, बड़ी संख्या में स्कूली एवं कॉलेज के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, युवा, समाजसेवी और नगरवासी शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा अटल चौक सरिया से शुरू होकर गांधी चौक, बस्ती स्थित जगन्नाथ मंदिर होते हुए नगर पंचायत सरिया के अटल परिसर पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
बारिश के बीच भी दिखा देशभक्ति का उत्साह
बरसात के मौसम के बावजूद तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों और युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। आयोजकों के अनुसार यात्रा में करीब 2000 से अधिक छात्र-छात्राएं और आम नागरिक शामिल हुए। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
तिरंगा देश की आन-बान और शान का प्रतीक: कमलेश अग्रवाल
नगर पंचायत सरिया अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए अनेक वीरों ने अपना बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों तक राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि 15 अगस्त को अपने घर की छत पर तिरंगा लगाएं और उसके सम्मान के साथ अभियान में सहभागिता करें।
हर घर तिरंगा लहराने का संदेश: प्रदीप सतपथी
भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप सतपथी ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक पूरा भारत एक सूत्र में बंधा है और तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 15 अगस्त के अवसर पर हर घर में तिरंगा फहराने की अपील की।
नगर पंचायत परिसर में हुआ समापन
तिरंगा यात्रा के नगर पंचायत परिसर स्थित अटल परिसर पहुंचने के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान शामिल हुए छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया। पूरे आयोजन में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला। यात्रा ने लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद करने और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।



You must be logged in to post a comment.