शेयर करें...
रायपुर// टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले के बीच आईपीएल 2026 को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी। पहले टूर्नामेंट 26 मार्च से शुरू होना था, लेकिन तमिलनाडु, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में होने वाले चुनावों के कारण शेड्यूल में बदलाव किया गया है। इसकी घोषणा रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए भारत-न्यूजीलैंड टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने की। हालांकि IPL की ओर से अभी तक टूर्नामेंट का पूरा कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
चेपॉक, ईडन गार्डन्स में होते हैं मैच
विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में तीन ऐसे प्रमुख स्टेडियम हैं जो IPL वेन्यू के रूप में इस्तेमाल होते रहे हैं। तमिलनाडु के चेन्नई स्थित एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) चेन्नई सुपर किंग्स का होम ग्राउंड है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में स्थित ईडन गार्डन्स कोलकाता नाइट राइडर्स का घरेलू मैदान है, जबकि असम के गुवाहाटी में बना बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम राजस्थान रॉयल्स का सेकेंड होम वेन्यू रहा है।
पिछली बार की चैंपियन है आरसीबी
आईपीएल 2025 की विजेता टीम आरसीबी है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आरसीबी और पीबीकेएस के बीच अहमदाबाद में खेला गया था। जहां आरसीबी की टीम छह रनों से बाजी मारने में कामयाब हुई थी। यह आरसीबी की पहली ट्रॉफी भी थी।



