शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 155 ग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टीवीएस अपाचे राइडर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक काले रंग की टीवीएस अपाचे राइडर (क्रमांक CG 13 AX 2054) में दो युवक गांजा लेकर कंचनपुर-सरिया मार्ग से रायगढ़ की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम कंचनपुर बैरियर के पास घेराबंदी की।
जांच के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रोका। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम देवेन्द्र भट (20 वर्ष), निवासी सोनुमुड़ा बजरंगपारा, रायगढ़ तथा अजय गिरी गोस्वामी (19 वर्ष), निवासी गेरवानी, जिला रायगढ़ बताया। तलाशी लेने पर बाइक के बीच में रखे नीले रंग के पिट्ठू बैग से खाकी रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे पांच पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें 5 किलो 155 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने गांजा और बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 25 जून की सुबह विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, पीएसआई गजेन्द्र चन्द्राकर, उपनिरीक्षक मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, आरक्षक मुकेश कश्यप, दिगम्बर पटेल, लक्ष्मीनारायण पटेल, नर्मदा यादव तथा साइबर सेल सारंगढ़ के आरक्षक कृष्णा डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


