महिला से छेड़खानी और मारपीट का आरोप, सरपंच समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, वीडियो बनाने वाला मोबाइल भी जब्त..

शेयर करें...

रायगढ़// जिले में महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ‘अभियान संवेदना’ के तहत चौकी जोबी पुलिस ने महिला के घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट, छेड़खानी और अभद्रता करने के आरोप में ग्राम ओंगना के सरपंच समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को 50 वर्षीय महिला ने चौकी जोबी में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 27 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह अपने घर में थी। इसी दौरान अमित राठिया, अनिल कुमार राठिया, धनसिंह राठिया और इगेन्द्र राठिया वहां पहुंचे। पूर्व रंजिश को लेकर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए महिला से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

घर में घुसकर कपड़े खींचने का आरोप

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी इज्जत लेने के उद्देश्य से उसके कपड़े खींचकर उतारने का प्रयास किया। वह किसी तरह घर से निकलकर गली में पहुंची, जहां आरोपी अनिल राठिया ने उसे पीछे से पकड़ लिया। वहीं अमित राठिया और धनसिंह राठिया द्वारा उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े खींचने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान इगेन्द्र राठिया मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बना रहा था। महिला की आवाज सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों के साथ भी आरोपियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

दो बाइक और मोबाइल जब्त

मामले की जानकारी मिलने के बाद चौकी प्रभारी जोबी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी चार आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घटनास्थल से घटना में इस्तेमाल एचएफ डिलक्स और पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। इसके अलावा घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने में इस्तेमाल किए गए ओप्पो मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त किया है।

सरपंच समेत चारों आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद अमित राठिया पिता बलदेव सिंह उम्र 36 वर्ष, अनिल कुमार राठिया पिता बलदेव सिंह उम्र 30 वर्ष, धनसिंह राठिया पिता जेठूराम उम्र 52 वर्ष और इगेन्द्र राठिया पिता धनसिंह उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ चौकी जोबी, थाना खरसिया में धारा 296, 351(3), 115(2), 76 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी अमित राठिया ग्राम ओंगना का सरपंच बताया गया है। वहीं अन्य आरोपी आँगना और जोबी क्षेत्र के रहने वाले हैं।

महिला संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर

रायगढ़ पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला एवं नाबालिगों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला संबंधी शिकायतों पर तत्काल और संवेदनशील तरीके से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने पर कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Scroll to Top