शेयर करें...
मुंगेली// छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक रिटायर्ड शिक्षा अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। 62 वर्षीय दामोदर सिंह राजपूत, जो हाल ही में शिक्षा विभाग में वरिष्ठ लेखा परीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, पिछले आठ दिनों से लापता थे। अब उनका शव कवर्धा जिले के पंडरिया क्षेत्र के एक जंगल में बरामद हुआ है, जिससे मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है।

21 मार्च से थे लापता
जानकारी के अनुसार, दामोदर सिंह राजपूत 21 मार्च की सुबह करीब 10 बजे अपने गांव झाफल जाने के लिए घर से निकले थे। उस समय नवरात्रि का पर्व चल रहा था। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने लालपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
लावारिस मिली मोटरसाइकिल, बढ़ा संदेह
गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान दामोदर सिंह की मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली, जिसमें उनका बैग भी टंगा हुआ था। इस घटना के बाद पुलिस को किसी अनहोनी की आशंका हुई और जांच का दायरा बढ़ा दिया गया।
कवर्धा के जंगल में मिला शव
तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कवर्धा जिले के पंडरिया क्षेत्र के जंगल में एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। जब पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराई गई, तो वह दामोदर सिंह राजपूत का निकला। शव मिलने के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
हत्या की आशंका, दो संदेही हिरासत में
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि पहले दामोदर सिंह का अपहरण किया गया और फिर उनकी हत्या कर शव को जंगल में छुपाने की कोशिश की गई। इस मामले में पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
संपत्ति विवाद भी जांच के दायरे में
जांच के दौरान एक और अहम पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक का अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में पहले भी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है।



You must be logged in to post a comment.