शेयर करें...
रायगढ़// जिले में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में ऑन-ड्यूटी वनकर्मियों से झगड़ा और मारपीट के मामलों में पुलिस ने कुल पांच लोगों पर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर की गई।
पहला मामला ग्राम केराखोल पश्चिम का है। 4 फरवरी को वनपाल गोपी सिंह राठिया ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 3 फरवरी को लैंड बैंक सर्वे के दौरान बीरसिंह मांझी और जयकुमार मांझी मौके पर पहुंचे। दोनों आरोपी पूर्व प्रकरण में जेल जाने की बात को लेकर नाराज थे। उन्होंने शासकीय कार्य में बाधा डाली, गाली-गलौज की और डंडे से मारपीट के लिए दौड़ाते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 40/2026 दर्ज कर दोनों आरोपियों को ग्राम केराखोल से गिरफ्तार किया। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी वन विभाग से जुड़े मामलों में जेल जा चुके थे और हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे।
दूसरी कार्रवाई ग्राम खोखरोआमा में की गई। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को निजी भूमि पर प्रतिबंधित वृक्षों की अवैध कटाई की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पूछताछ करने पर प्रेमचंद राजपूत, संतोष कुमार राजपूत और राजेश राजपूत ने विवाद करना शुरू कर दिया और लोकशांति भंग करने की कोशिश की। समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर पुलिस ने तीनों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया। बाद में एसडीएम न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें भी जेल भेज दिया गया।
इस पूरे मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि जिले में कहीं भी गुंडागर्दी या मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी किसी भी घटना पर पुलिस तत्काल और सख्त कार्रवाई करेगी।


