शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// गांव चलो बस्ती चलो अभियान के तहत ग्राम पंचायत गोबरसिंहा के तोरेसिंहा बस्ती में भाजपा नेताओं ने पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जमीनी फीडबैक लिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राधामोहन पाणिग्राही, संयोजक राजु अग्रवाल, सहकारी समिति अध्यक्ष मुरलीधर पटेल, बूथ अध्यक्ष उत्तम पटेल, युवा नेता राहुल पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानी गई।

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बताया कि सरकार की कई योजनाएं अब जमीन पर नजर आ रही हैं, जिससे आम लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने बताया कि अब बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत हो रहे हैं और उन्हें समय पर राशि मिल रही है। पहले जहां सीमित संख्या में आवास स्वीकृत होते थे, वहीं अब गरीबों का पक्का घर का सपना तेजी से पूरा हो रहा है।
महिला हितग्राहियों से महतारी वंदन योजना को लेकर चर्चा की गई, जिसमें अधिकांश महिलाओं ने अपने खाते में नियमित राशि मिलने की पुष्टि की और योजना की सराहना की। वहीं पेंशनधारियों और बुजुर्गों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना गया तथा अंगवस्त्र और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गांव के युगल बरेठ के कार्यों की भी सराहना की गई। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने अपने निजी खर्च से तालाब का गहरीकरण, सौंदर्यीकरण और मंदिर निर्माण कराया है। इस जनहित कार्य के लिए भाजपा नेताओं ने उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में दीपलाल सिदार, राजु सिदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और हितग्राही उपस्थित रहे।



You must be logged in to post a comment.