मामूली विवाद में पिता-पुत्र पर तलवार और डंडे से जानलेवा हमला, जूटमिल पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार..

शेयर करें...

रायगढ़// स्कूटी में पेट्रोल खत्म होने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पिता-पुत्र पर जानलेवा हमले तक पहुंच गया। गाली-गलौज करने से मना करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोपियों ने एक राय होकर पिता और उसके बेटे के साथ हाथ-मुक्के, डंडे और तलवार से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। मामले में जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे थाना जूटमिल क्षेत्र के सोनुमुड़ा सोनकरपारा की है। प्रार्थी मनोज पानीकर (49 वर्ष), पिता नंदकिशोर पानीकर, अपनी फल दुकान से घर पहुंचा था। इसी दौरान घर के सामने धनी भट्ट, किट्टु सिदार अपने अन्य साथियों के साथ स्कूटी में तेल खत्म होने की बात को लेकर आपस में गाली-गलौज कर रहे थे। मनोज पानीकर ने जब उन्हें गाली-गलौज करने से मना किया तो आरोपियों ने एकजुट होकर उसके और उसके बेटे प्रिंस के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हाथ-मुक्के, डंडे और तलवार से हमला कर दोनों को चोट पहुंचाई गई।

हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जुड़ीं

घटना के बाद 31 अक्टूबर को मनोज पानीकर ने थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) BNS और धारा 118(1) BNS भी जोड़ी गईं।

घर से बरामद हुई वारदात में इस्तेमाल तलवार

आरोपियों की पतासाजी के लिए जूटमिल पुलिस ने लगातार दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु, पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु और छबी भट्ट उर्फ डब्बु को उनके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु के मकान से घटना में इस्तेमाल की गई तलवार और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। तलवार की लंबाई-चौड़ाई के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पता

  1. दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु, पिता महेत्तर भट्ट, उम्र 28 वर्ष, निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल, रायगढ़।
  2. पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु, पिता अश्वनी सिंह सिदार, उम्र 18 वर्ष 1 माह, निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल, रायगढ़।
  3. छबी भट्ट उर्फ डब्बु, पिता स्व. छेदीलाल भट्ट, उम्र 42 वर्ष, निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल, रायगढ़।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, मामले का चौथा आरोपी धनी भट्ट अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के सुपरविजन में की गई। आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Scroll to Top