शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया तहसील में आज सोमवार को किसानों का गुस्सा सड़कों पर साफ नजर आया। आंचलिक किसान संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में किसानों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए विद्युत विभाग की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। लगातार लो वोल्टेज, अघोषित बिजली कटौती और 132 केवी सब स्टेशन शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया, जिससे पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई।

माली भवन से शुरू होकर सब स्टेशन तक पहुंचा प्रदर्शन
प्रदर्शन की शुरुआत सरिया के सामुदायिक भवन माली समाज से हुई, जहां से किसान शव यात्रा लेकर गांधी चौक और अटल चौक होते हुए बिजली सब स्टेशन तक पहुंचे। इस दौरान किसानों ने जमकर नारेबाजी की। “राम नाम सत्य है, विद्युत मंडल मस्त है, किसान भाई त्रस्त है” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। सब स्टेशन पहुंचकर किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया।
पहले भी दी जा चुकी थी चेतावनी, नहीं हुआ समाधान
किसानों का कहना है कि वे पहले भी कई बार ज्ञापन दे चुके हैं और धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज के कारण खेती का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। 132 केवी सब स्टेशन को जल्द शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे किसानों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद शांत हुआ आंदोलन
मौके पर तहसीलदार कोमल साहू, बिजली विभाग के ईई प्रकाश महानंदा और जेई मदन नायक पहुंचे और किसानों को समझाइश दी। अधिकारियों ने जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद किसान शांत हुए और आंदोलन समाप्त किया गया। इस प्रदर्शन में मोहन पटेल, रूप पटेल, नरोत्तम प्रधान, सत्यानंद प्रधान, विक्रम गुप्ता, जीवर्धन प्रधान, हलधर अमूर्रा, खगेश्वर पटेल, नकुल पटेल, राजेश प्रधान, टीकम प्रधान, तुलसी पटेल, निखिल डनसेना समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान शामिल रहे।



You must be logged in to post a comment.