शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// दानसरा से बरमकेला जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क के कुछ हिस्सों में बने गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। गड्ढों से बचकर निकलने की कोशिश में वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है, वहीं वाहनों के गुजरने से उड़ने वाली धूल राहगीरों को परेशान कर रही है।
खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए इस मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है। सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है, लेकिन लोगों को अब तक राहत नहीं मिल पाई है।
ओडिशा सीमा के गांवों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग
दानसरा-बरमकेला मार्ग ओडिशा सीमा से लगे गांवों को सारंगढ़ जिला मुख्यालय से जोड़ता है। इसी रास्ते से लोग अस्पताल, स्कूल-कॉलेज, बाजार और अन्य जरूरी कामों के लिए सारंगढ़ पहुंचते हैं। ओडिशा आने-जाने के लिहाज से भी यह मार्ग महत्वपूर्ण है।
सड़क के खराब हिस्सों में गड्ढों के कारण बस, ट्रक, चारपहिया और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, वाहनों की आवाजाही से उड़ती धूल के कारण सड़क से गुजरने वाले लोगों का सफर और मुश्किल हो जाता है।
अंधेरे में सब्जियां लेकर निकलते हैं किसान, रास्ते में होती है परेशानी
सड़क की बदहाली का असर किसानों और व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। क्षेत्र के कई किसान अलसुबह अपनी सब्जियां लेकर सारंगढ़ के मुख्य बाजार में बेचने जाते हैं। सुबह अंधेरा रहने के कारण मोटरसाइकिल की रोशनी में सड़क के गड्ढों को पहचानना मुश्किल हो जाता है।
किसानों के मुताबिक, गड्ढों से गुजरते समय कई बार सब्जियों से भरी बोरियां और थैले गिर जाते हैं, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में खराब सड़क उनके लिए केवल आवागमन की परेशानी नहीं, बल्कि आर्थिक नुकसान का कारण भी बन रही है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे, मरम्मत की मांग
ग्रामीण लंबोदर वैष्णव ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण पिछले दिनों बाइक सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें लोगों को गंभीर चोटें भी लगी हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है।
ऐसे में सड़क की अनदेखी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क के खराब हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों, किसानों और व्यापारियों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं का खतरा कम हो।


