कलेक्टर के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी, भेजे जा रहे मैसेज, कलेक्टर ने सतर्क रहने किया अपील..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// जिले की कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस फर्जी आईडी के माध्यम से कुछ लोगों को मैसेज भी भेजे गए हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद प्रशासन में सतर्कता बढ़ गई है और कलेक्टर ने जिलेवासियों से सावधान रहने की अपील की है।

Join WhatsApp Group Click Here

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्पष्ट किया है कि उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी से यदि किसी व्यक्ति को कोई मैसेज प्राप्त होता है, तो उस पर विश्वास न करें और उसे तत्काल नजरअंदाज करें। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से किसी भी प्रकार की आधिकारिक मांग, सूचना अथवा संदेश इस तरह फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से नहीं भेजा जाता है। ऐसे में उनके नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश के प्रति लोग पूरी तरह सतर्क रहें।

कलेक्टर के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी आईडी बनाए जाने के बाद अब यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर इस फर्जी प्रोफाइल को किसने बनाया और इसके पीछे उसका उद्देश्य क्या था। लोगों को मैसेज भेजने के पीछे कहीं कोई साइबर ठगी या अन्य आपराधिक मंशा तो नहीं थी, इसकी जांच किया जाना जरूरी है। संबंधित फर्जी फेसबुक आईडी की पहचान कर उसे संचालित करने वाले व्यक्ति तक पहुंचना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है।

प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल, लिंक या मैसेज के झांसे में न आएं। किसी अनजान व्यक्ति को अपनी निजी जानकारी, ओटीपी, बैंक संबंधी विवरण या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। यदि कलेक्टर के नाम से कोई फर्जी प्रोफाइल या संदिग्ध मैसेज सामने आता है, तो उसे फेसबुक पर रिपोर्ट और ब्लॉक करें तथा इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों या पुलिस को दें। प्रशासन की इस अपील के बाद अब लोगों से सोशल मीडिया के इस्तेमाल में अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपेक्षा की जा रही है।

Scroll to Top