फर्जी डिप्टी कलेक्टर पकड़ा गया: कलेक्ट्रेट में कर रहा था निरीक्षण, कर्मचारियों की सतर्कता से हुआ भंडाफोड़

शेयर करें...

कवर्धा// कवर्धा कलेक्ट्रेट में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक खुद को डिप्टी कलेक्टर बताकर कलेक्ट्रेट के निरीक्षण पर पहुंचा। शक होने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी और थोड़ी ही देर में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

गिरफ्तार युवक की पहचान दुर्ग निवासी शम्मी सिंह ठाकुर के रूप में हुई है। वह एक कथित ड्राइवर और स्टेनो के साथ प्रशासनिक रौब के साथ कलेक्ट्रेट में घूम रहा था। उसके पास एक फर्जी पहचान पत्र भी मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

बताया जा रहा है कि शम्मी सिंह अधिकारियों की तरह बर्ताव कर रहा था। उसकी चाल-ढाल और बात करने का अंदाज कुछ कर्मचारियों को संदिग्ध लगा, जिसके बाद तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में लिया गया।

फिलहाल पुलिस पूछताछ में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी की असली मंशा क्या थी। क्या वह किसी ठगी या धोखाधड़ी की तैयारी में था? या उसके पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा है?

यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। एक फर्जी अधिकारी का इस तरह कलेक्ट्रेट जैसे संवेदनशील परिसर में घुस जाना, सिस्टम की बड़ी चूक को उजागर करता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच तेज कर दी गई है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।


टैग्स:
#फर्जीअधिकारी #कवर्धा #डिप्टीकलेक्टरफर्जीवाड़ा #कलेक्ट्रेटघुसपैठ #छत्तीसगढ़न्यूज़ #FakeOfficer #KabirdhamNews #ChhattisgarhCrime #BreakingNews

Scroll to Top