शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में बरमकेला क्षेत्र के ग्राम लोधिया में आबकारी विभाग की टीम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में 11 जून को आबकारी विभाग की टीम ग्राम लोधिया पहुंची। मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने संबंधित स्थान पर पहुंचकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक बोरी में रखी पॉलीथिन से 10 लीटर महुआ शराब और 40 पाउच में भरी 8 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इस तरह कुल 18 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शराब को सीलबंद कर जब्त कर लिया।
मामले में ग्राम लोधिया निवासी सुरेश सारथी (36 वर्ष) के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक रामेश्वर सिंह राठिया, उपनिरीक्षक लोकनाथ साहू, मोहनलाल चौहान, रंजना टांडे, मुकुंद राम और डोलनारायण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


