शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// ग्राम पंचधार में ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और सेवा भावना का ऐसा उदाहरण पेश किया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बन गया है। श्री महाकालेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण स्थित नवाकांटा तालाब में ग्रामीणों और मंदिर समिति के सहयोग से चंदा एवं स्वेच्छा दान एकत्रित कर महज 75 हजार रुपये की लागत से शेड का ढांचा तैयार कर लिया गया है।
ग्रामीणों के सहयोग से यह कार्य बहुत कम समय में पूरा हुआ। फिलहाल शेड पर चादर लगाने का काम बाकी है, जिसके लिए भी गांव के लोग जनसहयोग के माध्यम से राशि जुटाने में लगे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सभी के सहयोग से यह कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
श्री महाकालेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां प्रत्येक माह चतुर्दशी के अवसर पर सत्संग, प्रवचन, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। हर महीने किसी न किसी श्रद्धालु द्वारा भोजन प्रसादी की भी व्यवस्था की जाती है, जिससे मंदिर परिसर में सेवा और श्रद्धा का माहौल बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बड़े निर्माण कार्यों के लिए अक्सर सरकारी स्वीकृति और बजट का इंतजार करना पड़ता है, लेकिन यदि गांव के लोग एकजुट होकर आगे आएं तो सीमित संसाधनों में भी कई अच्छे कार्य किए जा सकते हैं। महाकालेश्वर मंदिर परिसर में बनाया जा रहा यह शेड इसी सोच का परिणाम है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन का सहयोग मिलने पर शेड का शेष कार्य भी जल्द पूरा होगा। इसके बाद मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से राहत मिलेगी तथा धार्मिक आयोजनों के दौरान बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। ग्रामीणों की यह पहल न केवल जनसहयोग की मिसाल है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि सामूहिक प्रयास और सेवा की भावना से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।


