शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला जनपद क्षेत्र के धनीगांव में नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने का इंतजार कर रहे करीब 400 किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। केंद्र के लिए आवंटित 3.38 एकड़ शासकीय भूमि अब तक अतिक्रमण मुक्त नहीं हो पाई है। खास बात यह है कि तहसील न्यायालय से 12 नवंबर 2026 को अंतिम बेदखली आदेश जारी होने के बावजूद जमीन खाली कराने की कार्रवाई पूरी नहीं हुई है। वहीं, प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन धनीगांव का प्रस्तावित केंद्र अब तक शुरू नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत धनीगांव ने प्रस्ताव पारित कर खसरा नंबर 53/1 की लगभग 3.38 एकड़ शासकीय भूमि नवीन धान खरीदी केंद्र के लिए आवंटित की थी। इस केंद्र के शुरू होने से आसपास की तीन ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 11 गांवों के किसानों को सुविधा मिलने वाली थी। किसानों को धान बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिलती, लेकिन कथित अतिक्रमण के चलते यह योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई है।
बेदखली आदेश के बाद भी कार्रवाई अधूरी, विरोध के बाद उठे सवाल
मामले में तहसील न्यायालय ने 12 नवंबर को अंतिम बेदखली आदेश जारी किया था। इसके बाद उम्मीद थी कि प्रशासन जल्द ही जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर खरीदी केंद्र शुरू करने का रास्ता साफ करेगा। बताया जा रहा है कि बरमकेला तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे, लेकिन कथित तौर पर एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।
ग्रामीणों और किसानों का आरोप है कि सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के बजाय ढाबे को सील करने की कार्रवाई की गई। किसानों का यह भी दावा है कि सील किए जाने के बावजूद ढाबे का संचालन बेरोकटोक जारी है। ऐसे में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने और प्रशासनिक कार्रवाई के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
400 किसानों के सामने धान बेचने की चुनौती
प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। सरकार की ओर से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। लेकिन धनीगांव में केंद्र शुरू नहीं होने के कारण करीब 400 किसानों को दूसरे खरीदी केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ सकता है। इससे किसानों को अतिरिक्त परिवहन खर्च, समय की बर्बादी और धान बिक्री के दौरान अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
किसानों का कहना है कि जब नवीन धान खरीदी केंद्र के लिए शासकीय भूमि आवंटित है और तहसील न्यायालय से बेदखली आदेश भी जारी हो चुका है, तो फिर उन्हें अपने क्षेत्र में खरीदी केंद्र की सुविधा क्यों नहीं मिल रही है?
तहसीलदार बोले- अपील के निराकरण के बाद होगी कार्रवाई
इस मामले में बरमकेला तहसीलदार विवेक पटेल ने बताया कि कब्जाधारी ने एक सप्ताह का समय मांगते हुए आवेदन प्रस्तुत किया है। एसडीएम न्यायालय में अपील का निराकरण होने के बाद कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
किसानों की मांग, जल्द शुरू हो धान खरीदी केंद्र
धनीगांव सहित आसपास के गांवों के किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शासकीय भूमि को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू किया जाए। किसानों का कहना है कि धान खरीदी का समय चल रहा है। ऐसे में कार्रवाई में देरी का खामियाजा सैकड़ों किसानों को भुगतना पड़ सकता है।
अब इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल यही है कि तहसील न्यायालय के बेदखली आदेश के बाद भी जमीन खाली कराने की कार्रवाई कब पूरी होगी? एसडीएम न्यायालय में अपील के निराकरण के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और 400 किसानों को धनीगांव में ही धान बेचने की सुविधा कब मिलेगी, इस पर क्षेत्र के किसानों की नजरें टिकी हुई हैं।


