साल्हेओना में बिजली बिल समाधान शिविर का आयोजन, पहले दिन ही उपभोक्ताओं ने दिखाया उत्साह..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के तहत क्षेत्र में राहत का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में ग्राम साल्हेओना स्थित विद्युत सबस्टेशन परिसर में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ता योजना का लाभ लेने पहुंचे।

Join WhatsApp Group Click Here

गौरतलब है कि 12 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की गई थी। इसके बाद पूरे छत्तीसगढ़ में विद्युत विभाग द्वारा लगातार समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को योजना का लाभ मिल सके।

किन उपभोक्ताओं को मिल रहा लाभ

इस योजना के तहत निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के साथ-साथ कृषि उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी जा रही है। एकल बत्ती, घरेलू और कृषि पंप कनेक्शन वाले ऐसे उपभोक्ता जिनके 31 मार्च 2023 तक के बिजली बिल बकाया हैं, उन्हें विशेष छूट दी जा रही है। इसमें सरचार्ज पूरी तरह माफ किया जा रहा है और मूल राशि में भी आंशिक छूट दी जा रही है।

पहले ही दिन दिखा अच्छा प्रतिसाद

साल्हेओना शिविर में पहले दिन ही 10 हितग्राहियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 9 लोगों ने मौके पर ही अपने बकाया बिजली बिल का भुगतान कर दिया। वहीं 20 से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर योजना की जानकारी लेते नजर आए।

सरकार की पहल से उपभोक्ताओं को राहत

जिला भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी चूड़ामणि पटेल ने कहा कि यह योजना प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। सरकार का उद्देश्य है कि लोग अपने पुराने बकाया बिल आसानी से जमा कर सकें और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

इस दौरान विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री किशन कुमार भोई, लाइनमैन मनोज सिदार, अजय सोनवानी, जयकिशन भगत सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही उपसरपंच प्रदीप पटेल और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपभोक्ता भी शिविर में शामिल हुए।

Scroll to Top