नगरीय निकाय के 83 व पंचायतों के 1202 पदों पर मई-जून में चुनाव, चुनाव आयुक्त ने ली हाईलेवल मीटिंग..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आगामीआम/उप निर्वाचन मई-जून 2026 की तैयारियों के संबंध में आयोग कार्यालय भवन, नवा रायपुर में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह द्वारा की गई।

Join WhatsApp Group Click Here

बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेते हुए निर्वाचन संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि नगरपालिकाओं के कुल 83 पदों (अध्यक्ष के 06 पद एवं पार्षद के 77 पद) तथा त्रिस्तरीय पंचायतों के कुल 1202 पदों (जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 82 एवं पंच के 1110 पद) हेतु आम/उप निर्वाचन माह मई-जून 2026 में प्रस्तावित है। इसके लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया जा चुका है तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 05 मई 2026 को किया जाएगा, जिसके पश्चात आयोग द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम जारी किया जायेगा ।

बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा सामान्य प्रशासन विभाग को निर्वाचन हेतु पर्याप्त अधिकारी/कर्मचारी उपलब्ध कराने, आदर्श आचरण संहिता के पालन हेतु आवश्यक निर्देश जारी करने तथा मतदान तिथि को सामान्य अवकाश घोषित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सामान्य प्रेक्षकों की उपलब्धता के संबंध में अतिरिक्त अधिकारियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अन्य विषयों पर भी आवश्यक चर्चा की गई।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव बसवराजू एस, संचालक पंचायत प्रियंका महोबिया सहित निर्वाचन आयोग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Scroll to Top