शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// सरिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गोबरसिंहा में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ में बुधवार, 4 नवंबर को रुकमणि विवाह का प्रसंग श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डॉ. दिनेश पटेल के घर से कथा स्थल दुर्गा मंडप तक भगवान श्रीकृष्ण की बारात निकाली गई। बारात में शामिल श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ झूमते-गाते कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

भक्तिमय माहौल में निकली बारात
रुकमणि विवाह के उपलक्ष्य में निकली बारात ने गांव में उत्सव जैसा माहौल बना दिया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ बारात में हिस्सा लिया। बारात के कथा स्थल पहुंचने के बाद भागवत कथा में रुकमणि विवाह का प्रसंग संपन्न हुआ। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी के विवाह प्रसंग का श्रवण किया।
27 अक्टूबर से चल रहा है भागवत ज्ञान यज्ञ
ग्राम गोबरसिंहा में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा का वाचन पं. श्री पंकज तिवारी (श्रीधाम वृंदावन) द्वारा किया जा रहा है। यज्ञाचार्य पं. आशीष पाणिग्राही भीखमपुरा वाले हैं। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से कथा का आयोजन हो रहा है। आयोजन में गोबरसिंहा और ढोसरबहाल सहित आसपास के गांवों से श्रद्धालु पहुंचकर कथा का रसपान कर रहे हैं।
5 नवंबर को पूर्णाहुति के साथ होगा समापन
आयोजन के अंतिम दिन 5 नवंबर को तुलसी वर्षा, गीता पाठ, हवन, पूर्णाहुति, सहस्रधारा, चढ़ोत्तरी एवं व्यास विदाई के कार्यक्रम रखे गए हैं। आयोजन में आयोजक हेमकुमारी-शौकीलाल नायक एवं जानकी-टीकाराम पटेल सहित गोबरसिंहा और ढोसरबहाल के समस्त ग्रामवासी जुटे हुए हैं।



You must be logged in to post a comment.