शेयर करें...
कोरबा// जिले में अवैध महुआ शराब की बिक्री पर कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम पर पत्थरबाजी, झूमाझटकी और महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी की गई। किसी तरह टीम वहां से लौट पाई। आबकारी विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर उरगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि जिले में अवैध महुआ शराब की बिक्री पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग और पुलिस लगातार अभियान चला रही है। लेकिन सोमवार को इस अभियान के दौरान हालात बेकाबू हो गए। उरगा थाना क्षेत्र के आमापाली गांव में जब आबकारी विभाग की टीम दबिश देने पहुंची तो ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया। इस मामले में 8 ग्रामीणों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस गांव में फ्लैग मार्च निकालने वाली है।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि गांव का निवासी शंकर खड़िया अपने घर पर अवैध महुआ शराब की बिक्री कर रहा है। इस सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की संयुक्त टीम करीब आधा दर्जन वाहनों और एक दर्जन से अधिक स्टाफ के साथ गांव पहुंची। दबिश के दौरान टीम ने शंकर खड़िया के कब्जे से 22 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद कर जब्त किया। जब्ती की कार्रवाई पूरी कर शराब को वाहन में रखा जा रहा था, तभी शंकर खड़िया के परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
विरोध धीरे-धीरे हिंसक हो गया और देखते ही देखते ग्रामीणों ने टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर टीम को कार्रवाई बीच में ही छोड़कर वहां से निकलना पड़ा। बताया जा रहा है कि इस दौरान टीम में शामिल महिला नगर सैनिक रंजीत बघेल के साथ गांव की कुछ महिलाओं ने धक्का-मुक्की और हुज्जतबाजी भी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि आबकारी विभाग कार्रवाई के दौरान उनके साथ हाथापाई करता है, इसलिए गुस्से में उन्होंने विरोध किया। वहीं आबकारी विभाग का कहना है कि उनकी टीम को जानबूझकर निशाना बनाया गया।
घटना के बाद आबकारी विभाग की टीम सीधे उरगा थाना पहुंची और पूरी जानकारी पुलिस को दी। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आबकारी विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे जांच की जा रही है।
उधर, इसी दिन करतला थाना क्षेत्र के ग्राम सेंद्रीपाली में भी अवैध महुआ शराब की बिक्री को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। ग्रामीणों की शिकायत पर जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर अवैध शराब बेचने वाले घरों को चिन्हित किया। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ी मात्रा में महुआ शराब, लहान और शराब बनाने का सामान नष्ट किया। हालांकि इस दौरान भी विवाद की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में हालात काबू में रहे।



