शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सारंगढ़ क्षेत्र के छोटे से गांव डोमाडीह पोस्ट-मल्दा की बेटी सत्यभामा चौहान ने अपनी मेहनत से परिवार और पूरे अंचल का नाम रोशन किया है। ग्रामीण माहौल में पली-बढ़ी सत्यभामा का रूस के प्रतिष्ठित नॉर्दर्न स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस पाठ्यक्रम में चयन हुआ है।
सत्यभामा बचपन से ही डॉक्टर बनने का सपना देखती थीं। सीमित सुविधाओं के बावजूद उन्होंने पढ़ाई के साथ मेहनत और अनुशासन को अपना आधार बनाया। लगातार प्रयास और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने विदेश में मेडिकल की पढ़ाई के लिए चयन हासिल किया। उनकी सफलता अब गांव और आसपास के युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई है।
बेटी के चयन की खबर मिलते ही पिता मोहत्साह चौहान और माता पुष्पा चौहान की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। माता-पिता ने कहा कि उनकी बेटी ने परिवार के साथ पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने यह भी कहा कि बेटियों को सही अवसर और परिवार का सहयोग मिले तो वे बड़े से बड़ा मुकाम हासिल कर सकती हैं।
सत्यभामा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने मित्र दुर्गेश मालाकार, बड़ी दीदी दीपा राजहंस, माँ संतोष चौहान, दादाजी, नाना-नानी, मामा-मामी सहित परिवार के सभी सदस्यों के मार्गदर्शन और स्नेह के लिए आभार जताया।
सत्यभामा के रूस में एमबीबीएस चयन की खबर फैलते ही डोमाडीह स्थित उनके घर पर बधाई देने वालों का पहुंचना शुरू हो गया। ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और सत्यभामा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि वह विदेश से बेहतर चिकित्सा शिक्षा लेकर एक सफल और संवेदनशील डॉक्टर बनेंगी और आगे चलकर अपने गांव, क्षेत्र और देश की सेवा करेंगी।


