वाहनों से सड़क पर गिर रहे डोलोमाइट पत्थरों ने बढ़ाई परेशानी: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की भी चेतावनी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के सरिया तहसील अंतर्गत साल्हेओना-कटंगपाली मार्ग पर इन दिनों सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। खदानों से क्रेशर तक डोलोमाइट पत्थर ले जाने वाले ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से रास्ते में पत्थर गिर रहे हैं, जिससे आम राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बिखरे पत्थरों के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है, लेकिन बार-बार शिकायतों और समाचार प्रकाशन के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

इसी समस्या को लेकर गुरुवार 2 अप्रैल को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया ने सक्रियता दिखाते हुए थाना प्रभारी सरिया को ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष उग्रसेन साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाना पहुंचे और सड़क पर गिर रहे पत्थरों से हो रही परेशानी से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह लापरवाही सीधे तौर पर लोगों की जान से खिलवाड़ है और यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि खदानों से क्रेशर तक सामग्री ले जाने वाले वाहन चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। बिना ढंके और ओवरलोड वाहन सड़क पर दौड़ रहे हैं, जिससे डोलोमाइट पत्थर गिरते रहते हैं। वहीं क्रेशर संचालकों की उदासीनता भी इस समस्या को और बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को खतरा बना रहता है, कई बार छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया के अध्यक्ष उग्रसेन साहू के साथ पार्षद रूप डनसेना, महामंत्री हिमांशु पाणिग्राही, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हलघर राव जाधव, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष निखिल डनसेना, उपेंद्र पातरे, मंडल अध्यक्ष सरिया रूप पटेल, खेमराज पटेल, जय प्रकाश साहू, अग्नूराम पटेल और देवनारायण पटेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Scroll to Top