शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिला पंचायत के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने बरमकेला विकासखंड की कई ग्राम पंचायतों का दौरा कर विकास कार्यों और शासन की योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दौरे के दौरान सीईओ ने ग्राम पंचायत बार में स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्माणाधीन फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का निरीक्षण किया और इसे 15 अगस्त 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम पंचायत जामपाली के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की सुविधा के लिए बेबी टॉयलेट बनाने को कहा। वहीं पंचधार में महिला समूहों द्वारा किए जा रहे कपटा साड़ी (हथकरघा) निर्माण कार्य का अवलोकन कर अधिक से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया।
सीईओ ने ग्राम पंचायत भीखमपुरा की सपेरा बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे आवासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को तीन महीने के भीतर सभी आवासों का निर्माण पूरा करने और बिजली, पेयजल तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद सुखापाली में ‘बिहान’ समूह की महिलाओं द्वारा 25 एकड़ क्षेत्र में की जा रही अमरूद और खीरा की खेती का अवलोकन किया तथा महिलाओं की मेहनत की सराहना करते हुए उद्यानिकी और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। इस दौरान विकासखंड और पंचायत स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



You must be logged in to post a comment.