डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश, 170 लीटर डीजल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

रायगढ़// जिले के औद्योगिक क्षेत्र तमनार में हाईवा वाहनों से डीजल चोरी कर चालक से मारपीट और लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, 170 लीटर डीजल, नगदी और हथियारनुमा सामान जब्त किया गया है। यह कार्रवाई रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में हुई थी घटना

मामले में हाईवा चालक मुकेश यादव निवासी ग्राम धनवाही थाना इंदवार जिला उमरिया (मध्यप्रदेश) ने 3 मार्च को तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में हाईवा वाहन चलाने का काम करता है। 2 मार्च की रात वह अपना हाईवा वाहन CG 10 BK 9082 साइडिंग में खड़ा कर उसी में सो रहा था। वहीं पास में अन्य पांच हाईवा वाहन भी खड़े थे, जिनके चालक होली मनाने अपने घर चले गए थे। रात करीब 3 से 3:30 बजे के बीच उसे आवाज सुनाई दी। नीचे उतरकर देखने पर तीन लोग उसके वाहन से डीजल चोरी करते नजर आए।

विरोध करने पर चालक से की मारपीट, नगदी भी लूटी

चालक के शोर मचाने पर आरोपी डीजल का डिब्बा लेकर भागने लगे। कुछ दूरी जाने के बाद दो आरोपी वापस लौटे और चालक से मोबाइल और पैसे की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर चालक की जेब में रखे 500 रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने वहां खड़े अन्य हाईवा वाहनों से भी डीजल निकाल लिया और करीब 175 लीटर डीजल चोरी कर स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गए। डरे हुए चालक ने वहां से भागकर मोबाइल के जरिए वाहन मालिक को घटना की जानकारी दी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचे आरोपी

मामले में तमनार थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़ित चालक, स्थानीय ग्रामीणों और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने डीजल चोरी और लूटपाट की घटना को स्वीकार कर लिया।

स्कॉर्पियो, डीजल और हथियारनुमा सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो वाहन CG 13 AZ 2647, 170 लीटर डीजल, लूट की नगदी 500 रुपये, लोहे का रॉड, डंडा और प्लास्टिक पाइप जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 10 लाख 15 हजार 980 रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश दास मंहत (30 वर्ष) गोविन्द सिदार (24 वर्ष) सुनील यादव (28 वर्ष) तीनों निवासी ग्राम चितवाही थाना तमनार जिला रायगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

अपराधियों को नहीं मिलेगी छूट : एसएसपी शशि मोहन सिंह

जिले के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रायगढ़ जिले में चोरी, लूटपाट और डीजल चोरी जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर है। औद्योगिक क्षेत्रों और परिवहन से जुड़े इलाकों में इस तरह के अपराध करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top