शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सरिया नगर के वार्ड क्रमांक 7 भैनापारा स्थित हनुमान मंदिर में भक्तिभाव का अद्भुत माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी और पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम व हनुमान जी के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही थी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर संकटमोचन हनुमान से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

मंदिर में विशेष पूजा के दौरान भक्तों ने नारियल, फूल-माला और प्रसाद अर्पित किया। आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन भी हुए, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे दिन मंदिर परिसर में आस्था का उत्साह बना रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में खासा उत्साह देखा गया।
पूजा-अर्चना के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों और मोहल्लों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सभी ने श्रद्धा के साथ भोग प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था सुव्यवस्थित रही और स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण के साथ सेवा कार्य संभाला, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में ललित प्रधान, फुलसाय डनसेना, महेश डनसेना, मुन्ना मेहर, बाबा, सुदामा मेहर, कन्हैया मेहर और राजू साव सहित अन्य भक्तों की अहम भूमिका रही। आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी हनुमान जयंती को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया, और आगे भी ऐसे धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।



You must be logged in to post a comment.