नाले में बहे 10 वर्षीय मासूम सहदेव बारिहा का मिला शव, घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन में मिली कामयाबी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक एक दिन पहले सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। ग्राम ठेंगाकोट निवासी 10 वर्षीय मासूम सहदेव बारिहा नहाने के दौरान नाले के तेज बहाव में बह गया था। कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान और तलाश के बाद आखिरकार मासूम का शव बरामद कर लिया गया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।

Join WhatsApp Group Click Here

साथियों के साथ नहाने गया था मासूम

मिली जानकारी के अनुसार सहदेव बारिहा अपने कुछ साथियों के साथ नाले में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। साथ मौजूद बच्चों ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों और परिजनों को दी।घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद बच्चे की तलाश शुरू की गई। नाले में पानी का तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

कई घंटों तक चला रेस्क्यू अभियान

मासूम की तलाश के लिए स्थानीय ग्रामीणों के साथ प्रशासन और DDRF की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने लगातार कई घंटों तक नाले के आसपास सर्च अभियान चलाया। पानी के तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण तलाश में काफी परेशानी आई, लेकिन टीम ने प्रयास जारी रखा। लगातार तलाश के बाद आखिरकार सहदेव का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की खबर जैसे ही परिवार और ग्रामीणों को मिली, वहां का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।

राखी से पहले छिन गई घर की खुशियां

रक्षाबंधन जैसे खुशियों के त्योहार से ठीक पहले हुए इस हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। जिस घर में राखी को लेकर तैयारियां और खुशियों का माहौल होना था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मासूम की मौत से उसके माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव के लोगों के लिए भी यह घटना बेहद दुखद है। छोटी उम्र में सहदेव की दर्दनाक मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने बच्चों से बारिश के दिनों में नदी, नाले और तेज बहाव वाले जलस्रोतों से दूर रहने की अपील की है।

Scroll to Top