शेयर करें...
रायगढ़// रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में हाथियों की मौत का एक और विचलित करने वाला मामला सामने आया है। बुधवार सुबह कुरकुट नदी में दो हाथियों के शव तैरते हुए मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में 19 हाथियों का एक बड़ा दल विचरण कर रहा था और ये दोनों हाथी उसी झुंड का हिस्सा बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नदी से शवों को बाहर निकालने की कवायद शुरू की गई।

तीन संदिग्ध हिरासत में
इस पूरी घटना में एक नया मोड़ तब सामने आया जब जांच के दौरान नदी के बिल्कुल बगल में स्थित खेतों में किसानों द्वारा सोलर पैनल वाली फेंसिंग (सौर बाड़) लगी पाई गई। वन विभाग ने इस जानकारी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। विभाग इस बात की बारीकी से जांच कर रहा है कि कहीं खेतों की सुरक्षा के लिए लगाई गई इस फेंसिंग की चपेट में आने से तो हाथियों की जान नहीं गई।
डूबने से मौत की आशंका
वहीं दूसरी ओर, गांव के ग्रामीणों का एक पक्ष यह भी आशंका जता रहा है कि नदी में नहाते या उसे पार करते समय गहराई में फंसने से यह हादसा हुआ होगा। वन विभाग की टीम ने अब तक शव को बाहर निकाल लिया है। प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार का कहना है कि मौके पर डॉग स्क्वायड और डॉक्टरों की टीम मौजूद है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा कि यह प्राकृतिक हादसा है या मानवीय लापरवाही का नतीजा।
पिछली घटनाओं से नहीं लिया सबक
रायगढ़ और धरमजयगढ़ वनमंडल में हाथियों की सुरक्षा अब भगवान भरोसे नजर आ रही है। अभी हाल ही में पाकादरहा के चितवाही जंगल में भी एक 6 माह के नन्हे शावक की लाश मिली थी। पिछले तीन महीनों के भीतर इस क्षेत्र में पांच हाथियों की जान जा चुकी है। आज की यह घटना इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि पिछले कुछ समय से घरघोड़ा रेंज में हाथियों और उनके शावकों की सुरक्षा पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। करीब साल भर पहले भी इसी तरह तमनार रेंज में करंट की चपेट में आने से तीन हाथियों की मौत हुई थी, जिसके बाद कई कर्मचारियों पर गाज गिरी थी उसके बावजूद भी वन विभाग ने पिछली घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया। अब कुरकुट नदी की इस ताजा घटना ने एक बार फिर वन विभाग की मॉनिटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।



You must be logged in to post a comment.