CSC जिला प्रबंधक पर अवैध वसूली का आरोप, कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत से मचा हड़कंप..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत चकरदा, तहसील सरसींवा निवासी CSC संचालक केदारनाथ साहू ने कलेक्टर जनदर्शन में लिखित शिकायत देकर CSC जिला प्रबंधक डीएम रवी पर अवैध वसूली और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

महतारी वंदन योजना में वसूली का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि महतारी वंदन योजना के केवाईसी कार्य को कमाई का जरिया बना दिया गया है। आरोप है कि कुछ चुनिंदा VLE की आईडी चालू रखकर उन्हीं के जरिए आम लोगों से 50 से 100 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि शासन ने ऐसी कोई फीस तय नहीं की है। इससे गरीब और जरूरतमंद लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

आईडी बंद कर रोजगार पर असर

केदारनाथ साहू का आरोप है कि उनकी CSC आईडी बिना किसी ठोस कारण के अचानक बंद कर दी गई। उनका कहना है कि अवैध वसूली का विरोध करने पर यह कार्रवाई की गई। आईडी बंद होने से उनका काम पूरी तरह ठप हो गया है और आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक दबाव भी झेलना पड़ रहा है।

अपने लोगों को फायदा, बाकी को नुकसान

पूरे मामले में पक्षपात के आरोप भी लगे हैं। शिकायत के अनुसार, कुछ लोगों को संरक्षण देकर उन्हें फायदा पहुंचाया जा रहा है, जबकि अन्य संचालकों को सिस्टम से बाहर करने की कोशिश हो रही है। इससे सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।

जांच और कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और अपनी CSC आईडी को फिर से चालू करने की मांग की है। अब नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और क्या आरोपों की सच्चाई सामने आ पाती है।

Scroll to Top