शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ रैली एवं जनसभा में मंगलवार को सारंगढ़ में अभूतपूर्व जनभागीदारी देखने को मिली। मंडी प्रांगण से प्रारंभ हुई विशाल रैली सदर बाजार होते हुए रानी लक्ष्मीबाई कार्यक्रम स्थल पहुँची, जहाँ जनसभा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल एवं जिला संयोजक तथा जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की प्रमुख उपस्थिति रही। रैली में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले सहित पूरे क्षेत्र के बड़ी संख्या में आम नागरिकों, मतदाताओं, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों के सम्मान के संदेश के साथ निकली इस रैली में उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद राधेश्याम राठिया ने राहुल गांधी के संबंध में दो चुनौतियाँ प्रस्तुत कीं तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर अपने विचार रखे। भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल एवं जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल ने भी आयोजन को संबोधित करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के जिला संयोजक संजय भूषण पाण्डेय ने आयोजन की जिम्मेदारी निभाते हुए रैली एवं जनसभा के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सांसद, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की आम जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनता की इतनी बड़ी सहभागिता लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और प्रतिबद्धता का संदेश देती है।
समापन अवसर पर सभी अतिथियों, नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों को लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में संबोधित करते हुए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। उपरोक्त कार्यक्रम में सभी मोर्चा प्रकोष्ठ मंडल जिला पंचायत जनपद पंचायत सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।


