शेयर करें...
सारंगढ़–बिलाईगढ// बरमकेला नगर में तेज रफ्तार, प्रेशर हॉर्न और कर्कश साइलेंसर की बढ़ती शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई है। विशेष यातायात जांच अभियान चलाकर 11 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय व अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अजीत बेक के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। नगर के सुभाष चौक, इंदिरा चौक और बस स्टैंड के सामने वाहनों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलाने, अनावश्यक रूप से तेज हॉर्न बजाने और साइलेंसर में बदलाव कर तेज आवाज निकालने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 चालकों के खिलाफ चालान काटा गया।
पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को समझाइश भी दी। अधिकारियों ने कहा कि तेज रफ्तार और तेज आवाज से न केवल दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है, बल्कि बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को भी परेशानी होती है।
बरमकेला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और अनावश्यक हॉर्न व तेज साइलेंसर का उपयोग न करें। आगे भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


