शेयर करें...
मुंगेली// कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बरसात के मौसम में जिले में संभावित बाढ़ एवं आपदा से बचाव हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। कलेक्टर ने समस्त वर्षामापक केन्द्रों पर यंत्रों का उचित संधारण करने, पहुंचविहीन क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति के दौरान पर्याप्त खाद्य सामाग्री, नमक, कैरोसिन, प्रतिवर्ष बाढ़ आने वाले क्षेत्रों में सतत् निगरानी रखने एवं वहां के लोगों के सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के लिए कैम्प आदि के साथ विशेष व्यवस्था करने, बाढ़ एवं आपदा की स्थिति में आवश्यक उपकरणों के साथ प्रशिक्षित जवानों को तुरन्त रवाना करने, नगरीय निकायों के नाले-नालियों में निरंतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने डायरिया, मलेरिया, डेंगू, सर्दी, खांसी, बुखार जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जीवन रक्षक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, महामारी की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने तथा वहां की स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक दवाएं एवं सामग्री पहले से ही उपलब्ध कराने के साथ ही सभी जल स्रोतों जैसे हैंडपंप, कुएं, नल-जल योजनाओं का क्लोरीनेशन कर जल शुद्धिकरण सुनिश्चित करने और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि जन-जागरूकता के लिए दीवारों पर स्वास्थ्य संदेश लिखे जाएं एवं लोगों से साफ और गर्म जल पीने, भोजन बनाने से पहले हाथ धोने जैसी आदतों को अपनाने की समझाइश दी जाए। सभी प्रभावित क्षेत्रों में 24X7 एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने आपदा की स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए विकासखंड स्तरीय रैपिड रिस्पॉन्स और कॉम्बैट टीम को सतर्क रहने, मैदानी स्तर पर स्वास्थ्यकर्मी नियमित रूप से भ्रमण कर बीमारियों की मॉनिटरिंग करने और गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दूरस्थ क्षेत्रों में गर्भवती जिनकी प्रसव तिथि 15 दिन के भीतर हो, उन्हें एंबुलेंस से संस्थागत प्रसव हेतु भर्ती कराने के निर्देश दिए हैं।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित, 07755-264440 पर कर सकते हैं सम्पर्क
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आदेश जारी कर वर्षा ऋतु में बाढ़ एवं आपदा जैसी स्थिति निर्मित होने पर प्राकृतिक तथा नैसर्गिक घटनाओं में तात्कालिक राहत उपाय के उद्देश्य से जिला कलेक्टोरेट के कक्ष क्रमांक 116 में जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जो बाढ़ एवं आपदा की स्थिति में तहसील कार्यालयों में स्थापित बाढ़ नियंत्रण कक्षों से जानकारी प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएगा। जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 07755-264440 है। कलेक्टर ने अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी मो. न. 9827986654 को जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं बाढ़ नियंत्रण कक्ष में कर्मचारियों की 03 पालियों में ड्यूटी लगाई है।
इसी तरह तहसील स्तर पर भी बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। मुंगेली के लिए प्रभारी तहसीलदार कुणाल पाण्डेय मो. नं. 8103537727, पथरिया के लिए तहसीलदार छाया अग्रवाल मो.न. 9584756761, लोरमी के लिए तहसीलदार शेखर पटेल मो. न. 7999582081, जरहागांव के लिए तहसीलदार कमल किशोर पाटनवार मो. नं. 7987417595, लालपुर थाना के लिए तहसीलदार महेत्तर प्रसाद कौशिक मो. न. 9893120779 और सरगांव के लिए तहसीलदार अतुल वैष्णव मो. न. 7000730700 को तहसील स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया।
जिले में 01 जून से अब तक 477.9 मिली मीटर वर्षा दर्ज, आज 21.5 मिली मीटर वर्षा दर्ज..
जिले में 01 जून से अब तक 477.9 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंगेली तहसील में आज 5.0 मिली मीटर, पथरिया तहसील में 6.4 मिली मीटर, लोरमी तहसील में 8.1 मिली मीटर तथा लालपुर थाना तहसील में 2.0 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। इस तरह आज जिले में कुल 21.5 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है।