झनकपुर चौक में मनाया गया संविधान दिवस, नागरिकों को अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की दी गई जानकारी, पैरालीगल वालेंटियर्स ने लोक अदालत और विधिक सहायता के महत्व से कराया अवगत..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को बरमकेला के झनकपुर चौक में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश जितेंद्र कुमार जैन के आदेशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई।

Join WhatsApp Group Click Here

26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?

कार्यक्रम में बताया गया कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा ने देश के संविधान को अपनाया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। संविधान सभा ने संविधान तैयार करने में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लिया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ।

इस दौरान संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए बताया गया कि संविधान नागरिकों को अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ उनके कर्तव्यों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। संविधान दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान और कानूनी जागरूकता बढ़ाना है।

निःशुल्क विधिक सहायता और लोक अदालत की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में नागरिकों को विधिक सहायता के अधिकार के बारे में विस्तार से बताया गया। जानकारी दी गई कि आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र वर्गों के लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) का गठन किया गया है। राज्य और जिला स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरण तथा विधिक सहायता केंद्रों के माध्यम से लोगों को सहायता दी जाती है।

इसके साथ ही लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी समझौते से विवादों का त्वरित और कम खर्च में समाधान किया जा सकता है। लोक अदालत का संचालन विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के तहत किया जाता है। लोक अदालत का निर्णय पक्षकारों के लिए अंतिम और बाध्यकारी होता है तथा इसके विरुद्ध सामान्य अपील का प्रावधान नहीं है।

कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में संविधान के प्रति सम्मान, कानूनी अधिकारों की जानकारी और नागरिक कर्तव्यों के पालन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर पैरालीगल वालेंटियर मधुसुदन वर्मा, थाना बरमकेला एवं यशवंत कुमार पटेल, थाना डोंगरीपाली उपस्थित रहे।

Scroll to Top