शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// सारंगढ़ में प्रस्तावित चूना पत्थर खदान को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि घनश्याम मनहर ने साफ शब्दों में कहा है कि यह आंदोलन अंतिम सांस तक जारी रहेगा और प्रशासन एफआईआर की धमकी देकर आंदोलन को दबा नहीं सकता।
बीच बस्ती में खदान को लेकर उठे सवाल
घनश्याम मनहर ने कहा कि जिस क्षेत्र में चूना पत्थर खदान प्रस्तावित है, वहां जिला अस्पताल, शासकीय कार्यालय और अधिकारियों-कर्मचारियों के निवास स्थित हैं। साथ ही आसपास के गांवों में गरीब किसान और पिछड़ा वर्ग निवास करता है। ऐसे क्षेत्र में खदान की अनुमति देना लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान एफआईआर की चेतावनी
उन्होंने बताया कि हाल ही में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर कार्यालय तक ज्ञापन देने की अनुमति नहीं दी गई। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा रास्ते में ही रोककर एफआईआर की चेतावनी दी गई। मजबूरी में कुछ लोगों ने बैरिकेड्स हटाए, जिसके बाद प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
घनश्याम मनहर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एफआईआर से डरने वाले नहीं हैं और जनहित में यह विरोध जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस खदान से क्षेत्र के अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लोगों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
किसानों की जमीन और भविष्य पर खतरा
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित क्षेत्र में खदान खोलने से गरीब किसानों की जमीन और मकान प्रभावित होंगे, जिससे उनका जीवन संकट में पड़ जाएगा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जब तक यह प्रस्ताव निरस्त नहीं होता, तब तक विरोध जारी रहेगा।


