बरमकेला के 7 सूत्रीय विकास मांगों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम उमेश साहू को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला क्षेत्र के विकास से जुड़ी सात प्रमुख मांगों को लेकर गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पटेल एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ताराचंद पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकालकर तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम उमेश साहू को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

Join WhatsApp Group Click Here

प्रदर्शन में सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, अरुण मालाकार सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बरमकेला क्षेत्र के लिए अनुविभागीय (राजस्व) कार्यालय, उप पंजीयक कार्यालय, 100 बिस्तरों वाले अस्पताल, उप कोषालय कार्यालय, उच्च स्तरीय सर्किट हाउस, बी.एड./डी.एड. कॉलेज तथा नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लंबे समय से ये मांगें लंबित हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवश्यक सुविधाओं के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है।

इस अवसर पर विधायक उत्तरी जांगड़े ने कहा कि बरमकेला क्षेत्र के समुचित विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इन मांगों को पूरा किया जाना बेहद आवश्यक है। वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पटेल और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ताराचंद पटेल ने कहा कि यह किसी राजनीतिक लाभ का नहीं, बल्कि क्षेत्र के आम लोगों के हित का आंदोलन है। यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम उमेश साहू को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि सरकार बरमकेला की लंबे समय से लंबित जनहित की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करेगी।

Scroll to Top