शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// सारंगढ़ जिले की सरिया नगर में ट्रैफिक व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। स्थिति यह है कि मुख्य सड़क पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। बुधवार को अटल चौक में हुए दर्दनाक हादसे में दो मासूम स्कूली बच्चों की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार शाम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया ने कलेक्टर सारंगढ़ बिलाईगढ़ के नाम तहसीलदार कोमल साहू को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि सरिया नगर पंचायत में स्कूली समय के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। उनका कहना है कि स्कूल से लेकर कॉलेज तक करीब चार सौ विद्यार्थी रोज नगर की सड़कों से गुजरते हैं, ऐसे में ट्रैफिक नियंत्रण न होना बच्चों की जान पर सीधा खतरा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और स्कूल टाइम पर नो-एंट्री लागू करने की उनकी मांग पर अगर जल्द कार्रवाई नहीं होती है तो वे उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।
प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी शरद यादव ने कहा कि पिछले कई महीनों से सरिया में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। कई बार प्रशासन को सूचित करने के बाद भी हालात जस के तस हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को भारत माता पब्लिक स्कूल के दो छोटे बच्चों की कार की टक्कर में मौत ने पूरे इलाके को हिला दिया है। इससे पहले भी सरिया क्षेत्र में कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। चंद्रपुर रोड पर ट्रेलर की चपेट में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, परशुरामपुर रोड पर ट्रैक्टर हादसे में सुरसी निवासी एक व्यक्ति की जान गई थी, और छोटी-मोटी दुर्घटनाएं तो रोज की बात बन गई हैं।
शरद यादव ने कहा कि सरिया के अटल चौक जैसे व्यस्त स्थान पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित मौजूदगी जरूरी है। उन्होंने बताया कि स्कूल आने और छूटने के दौरान भारी वाहनों पर रोक लगाने से दुर्घटनाओं में कमी आ सकती है। इस मांग को लेकर ही ब्लॉक कांग्रेस ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है।
कांग्रेस ने साफ कहा है कि यदि प्रशासन अब भी नहीं जागा और ट्रैफिक नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस प्रदेश पदाधिकारी शरद यादव, ब्लॉक कांग्रेस सरिया से उग्रसेन साहू, रूप पटेल, हिमांशु पाणीग्राही, सरोज प्रधान, उपेन्द्र पात्रे, प्रतीक नामदेव, अरविंद प्रधान, गगन साहू समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।


