बिजली कटौती और लो वोल्टेज के विरोध में सरिया में कांग्रेस का धरना, 132 केवी सब स्टेशन की मांग तेज, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// सरिया क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर शनिवार 7 मार्च को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया ने अटल चौक में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था को लेकर शासन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।

Join WhatsApp Group Click Here

धरना सुबह से शुरू होकर कई घंटों तक चलता रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरिया और आसपास के गांवों में लंबे समय से बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है। बार-बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है, जिससे आम जनता, किसान और छोटे व्यापारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

132 केवी सब स्टेशन की मांग हुई तेज

धरने के दौरान प्रमुख मांगों में सरिया क्षेत्र के लिए 132 केवी सब स्टेशन की स्थापना और उसके लिए भूमि आवंटन को लेकर आवाज उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में बढ़ती आबादी और औद्योगिक गतिविधियों के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था से पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि क्षेत्र में 132 केवी सब स्टेशन स्थापित हो जाता है तो बिजली की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है और ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

बिजली विभाग के अधिकारियों ने पहुंचकर की समझाइश

धरना प्रदर्शन के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बरमकेला के असिस्टेंट इंजीनियर जी. एस. सिदार और सरिया के जूनियर इंजीनियर मदन नायक ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और जल्द मांग पूरा करने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल अपना धरना समाप्त कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

पहले भी दिए जा चुके हैं कई ज्ञापन

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया के अध्यक्ष उग्रसेन साहू का कहना है कि इससे पहले भी कई बार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर शासन-प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था। इसके बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि आने वाले समय में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और 132 केवी सब स्टेशन के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो जनता के हित में चक्का जाम जैसे बड़े आंदोलन भी किए जाएंगे।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

धरना प्रदर्शन में शरद यादव, उग्रसेन साहू, हिमांशु पाणीग्राही, अगनू पटेल, खेमराज नायक, रूप पटेल, प्रकाश पुरोहित, जयप्रकाश, हलघर राव जाधव, निखिल डनसेना, गगन साहू, संजय प्रधान, उपेंद्र पातरे, रूप डनसेना, तफसीर, राकेश, अजय शराफ, हेमाराम डनसेना, सरोज, सरोज प्रधान, सरोज कर्ष, मधु साहू, गौतम, रवि सहिस, बलवी, संजय बारीक, ललित साहू, विशाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल, नगर पंचायत सरिया के पार्षद और वरिष्ठ कांग्रेसजन भी बड़ी संख्या में धरने में शामिल हुए।

Scroll to Top