स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के खिलाफ सारंगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, कुटेला वार्ड से शुरू हुआ अभियान..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल के मुद्दे को लेकर सारंगढ़ में कांग्रेस ने जन आंदोलन शुरू किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश और जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन की अगुवाई में वार्ड क्रमांक 1 कुटेला में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और वार्डवासियों ने बिजली बिल में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर अपनी नाराजगी जताई।

Join WhatsApp Group Click Here

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि सूरज तिवारी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष संजय दुबे, जिला संगठन महामंत्री गोल्डी नायक, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार और वार्ड पार्षद कमल निराला सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

स्मार्ट मीटर के खिलाफ भरवाए जाएंगे फॉर्म

आंदोलन के दौरान विधायक और जिला संगठन महामंत्री ने कांग्रेस के पार्षदों और पदाधिकारियों को ‘स्मार्ट मीटर विरोध फार्म’ वितरित किए। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इन फार्मों के जरिए अलग-अलग वार्ड और बूथों में लोगों की राय ली जाएगी और स्मार्ट मीटर को लेकर जनता की आवाज को शासन तक पहुंचाया जाएगा।

बढ़े बिजली बिल को लेकर लोगों ने सुनाई परेशानी

प्रदर्शन में शामिल वार्डवासियों ने बिजली बिल बढ़ने की शिकायत रखी। लोगों का कहना था कि पहले जहां घरों में 100, 200 या 300 रुपये तक बिजली का बिल आता था, वहीं अब कई परिवारों को 700, 900 और 1800 रुपये तक के बिल मिल रहे हैं। एक वार्ड निवासी ने बताया कि उनके तीन कमरों के घर में एसी तक नहीं है, इसके बावजूद उन्हें इस बार 2200 रुपये का बिल मिला, जबकि इससे पहले 4000 रुपये का बिल भी आ चुका है। लोगों ने कहा कि बढ़ते बिजली बिल से घर का बजट प्रभावित हो रहा है।

महिलाओं ने भी बिजली के बढ़े खर्च को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि महंगाई के बीच बिजली का बिल बढ़ने से घरेलू खर्च संभालना मुश्किल हो रहा है। लोगों ने विधायक के सामने स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली बिल में राहत देने की मांग रखी।

बिजली कटौती का मुद्दा भी उठा

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिजली कटौती की समस्या भी सामने रखी। वार्डवासियों का कहना था कि बिजली बिल बढ़ने के बावजूद कई बार लंबे समय तक बिजली बंद रहती है। गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कुटेला वार्ड से शुरू हुआ यह अभियान आगे अन्य वार्डों तक भी ले जाया जाएगा और बिजली बिल तथा स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव सरिता मल्होत्रा, सरिता गोपाल, ब्लॉक अध्यक्ष राकेश पटेल, अश्वनी चंद्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और वार्डवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार ने सभी उपस्थित लोगों का आभार जताया।

Scroll to Top