पत्नी की अश्लील तस्वीर बनाकर बदनाम करने का आरोप, कंप्यूटर इंजीनियर रायपुर से गिरफ्तार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला पुलिस ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी और ससुर को बदनाम करने के लिए अश्लील फोटो और पंपलेट तैयार कर सार्वजनिक स्थान पर फेंकने के मामले में एक युवक को रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विनय नायक (32) निवासी भाटागांव, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी कंप्यूटर इंजीनियर है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना 11 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे की है। आरोप है कि पारिवारिक रंजिश के चलते आरोपी ने अपनी पत्नी की अश्लील तस्वीर/पंपलेट तैयार किया और उसे बरमकेला स्थित जनपद पंचायत के सामने फेंक दिया। मामले की शिकायत मिलने के बाद बरमकेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

रायपुर से पकड़ा गया आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसकी पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने 18 अगस्त को रायपुर स्थित उसके निवास से आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल नीले रंग की होंडा एक्टिवा और मोटोरोला स्मार्टफोन सहित सिम जब्त किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 77, 79, 356(3), 75(3) और स्त्री अशिष्ट रूपण अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में की गई। बरमकेला थाना प्रभारी उप निरीक्षक अजीब कुमार बेक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक भारती घाटघुम्मर, प्रधान आरक्षक भुवनेश्वर पंडा, आरक्षक खिलावन बघेल सहित थाना स्टाफ की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी है और प्रकरण से जुड़े तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

Scroll to Top