शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तर के अधिकारियों के साथ समय सीमा की बैठक में जिले के प्रगतिरत कार्यों और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का समीक्षा किया। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने पर कलेक्टर ने नोडल अधिकारी ईई विद्युत, सभी सीएमओ, सीईओ जनपद पंचायत को फटकार लगाया और बैठक में अनुपस्थित रहने वाले सभी अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को लाभ देने के लिए यह योजना बनाया गया है वे स्वयं अपने घर, ऑफिस, प्रतिष्ठान में सूर्य घर का सेटअप इनस्टॉल कराकर बिजली बिल से राहत पा सकते हैं।
नवनिर्मित सड़क को पाईप लाइन, बीएसएनएल, जिओ, एयरटेल के फाइबर के लिए गड्ढा करने और सड़क खराब करने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर किया। उन्होंने कहा कि बिना एसडीएम के अनुमति के कोई सड़क में गड्ढा नहीं करेंगे। इसी प्रकार अभी रबी फसल की शुरुआत में सड़क पर किसानों के द्वारा केजव्हीलयुक्त ट्रेक्टर चलाने पर हो रहे सड़क क्षति पर भी कलेक्टर ने सभी केजव्हील बनाने वाले दुकानदारों के साथ बैठक करने और सड़क में केजव्हील उपयोग करने वाले किसानों को आयरन पट्टी लगाने और आयरन पट्टी नहीं लगाने वाले किसानों पर थाना और तहसीलदार से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. संजय ने कृषि और उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में किसानों को एग्रीस्टेक में फसल का पंजीयन अनिवार्य करें और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका निराकरण के लिए कृषि और उद्यानिकी विभाग के मैदानी अधिकारियों, पटवारियों आदि को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टेक पंजीयन किसी भी योजना का लाभ देने के लिए अनिवार्य और महत्वपूर्ण जानकारी है। कलेक्टर डॉ कन्नौजे ने सभी सीएमओ और सीईओ जनपद पंचायतों को फाइलेरिया के दृष्टिकोण से सड़क किनारे और नाली को साफ करने के निर्देश दिए।



