पीएमश्री स्कूलों पर कलेक्टर की सख्त नजर, निर्माण में लापरवाही पर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के पीएमश्री स्कूलों की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने साफ संकेत दे दिए हैं कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने स्कूल निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

Join WhatsApp Group Click Here

बैठक में पीएमश्री स्कूलों के प्राचार्य और प्रधान पाठक मौजूद रहे। शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी नरेश चौहान भी शामिल हुए। कलेक्टर ने शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्था और बोर्ड परीक्षा परिणामों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी रिकॉर्ड और लेखा-जोखा व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

मॉडल स्कूल हैं पीएमश्री

कलेक्टर ने कहा कि पीएमश्री स्कूल जिले के मॉडल स्कूल हैं। हर विकासखंड में एक पीएमश्री स्कूल संचालित है, इसलिए इनका संचालन उत्कृष्ट स्तर पर होना चाहिए। इन स्कूलों को आदर्श बनाकर अन्य विद्यालयों को भी प्रेरित किया जाए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया।

पढ़ाई में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बैठक में कलेक्टर ने दो टूक कहा कि पढ़ाई में लापरवाही करने वाले शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संबंधित शिक्षक और विषय शिक्षक दोनों जवाबदेह होंगे। सभी स्कूलों में बोर्ड परीक्षा का 100 प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

निर्माण गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं

स्कूल भवन निर्माण को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली से होगा निरीक्षण

आने वाले दिनों में दिल्ली से ज्वाइंट सेक्रेटरी द्वारा जिले के पीएमश्री स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा। इसे देखते हुए कलेक्टर ने सभी स्कूलों की वर्तमान स्थिति, लक्ष्य और अधूरे कार्यों की जानकारी लेकर समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

Scroll to Top