धीमी चाल से काम करने वाले 18 ठेकेदारों पर कलेक्टर कन्नौजे की बड़ी कार्रवाई, पेनाल्टी के साथ थमाया नोटिस..

शेयर करें...

जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में चेतावनी, काम में लापरवाही पर बर्दाश्त नहीं

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जल जीवन मिशन के तहत तय समय में काम पूरा न करने पर अब ठेकेदारों की खैर नहीं। कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने जिले में नल जल योजना के कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए 18 ठेकेदारों को पेनाल्टी के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें से कई ठेकेदारों के कार्य की गति बेहद धीमी पाई गई थी। साथ ही जो ठेकेदार बैठक में अनुपस्थित रहे, उन्हें भी लापरवाही के लिए नोटिस थमाया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

कलेक्टर ने सीईओ इंद्रजीत बर्मन और एसडीएम प्रखर चंद्राकर को निर्देश दिया कि वे फील्ड में जाकर खुद काम का अवलोकन करें और रिपोर्ट दें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तय समय में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा नहीं किया गया, तो ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डॉ कन्नौजे ने बैठक में हर गांव के कार्यों की ग्रामवार समीक्षा की और हर घर जल पहुंचाने के लक्ष्य को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। समूह जल प्रदाय योजना में भी कई जगह काम की रफ्तार धीमी थी, जिस पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने सख्त लहजे में ठेकेदारों को अंतिम चेतावनी दी।

जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में कई विभागों के अधिकारी शामिल हुए। इनमें वन, लोक निर्माण, विद्युत, पीएचई, जल संसाधन, जनपद पंचायत और क्रेडा विभाग के अधिकारी शामिल थे। बैठक में जिले के सभी अनुबंधित ठेकेदारों को भी बुलाया गया था।

कलेक्टर ने साफ कहा है कि अब बहानेबाजी नहीं चलेगी, जनता को समय पर साफ पेयजल मिलना चाहिए, वरना जिम्मेदारों पर होगी कड़ी कार्रवाई।


टैग्स:
#जलजीवनमिशन #ठेकेदारकार्रवाई #सारंगढ़बिलाईगढ़ #कलेक्टरकन्नौजे #नलजलयोजना #ठेकेदारनोटिस #जलप्रदाययोजना #पेयजलसंकट #रायगढ़न्यूज़ #छत्तीसगढ़समाचार

Scroll to Top