शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सरिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी और आईपीडी की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की और प्रतिदिन 100 से अधिक मरीजों की उपस्थिति को देखते हुए गुणवत्तापूर्ण उपचार और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि यहां रोजाना 100 से ज्यादा मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। इस पर कलेक्टर ने कहा कि मरीजों को समय पर इलाज, पर्याप्त दवाइयां और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
100 बिस्तर नए भवन का कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश
कलेक्टर ने पीएचसी परिसर के पीछे स्वीकृत 100 बिस्तर वाले नए भवन के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो और गुणवत्ता के साथ कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
आभा आईडी पंजीयन बढ़ाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत बनाए जा रहे आभा आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को आभा आईडी के लाभों के बारे में जागरूक किया जाए और अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, एसडीएम वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, बीएमओ डॉ. अवधेश पाणीग्राही, सीईओ जनपद पंचायत बरमकेला अजय पटेल, तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू, चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ शर्मा, डॉ कृष्णा साहू, RMA मनोज चौधरी व जीत पटेल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी और हॉस्पिटल स्टाफ मौजूद रहा।



You must be logged in to post a comment.