शेयर करें...
सारंगढ़–बिलाईगढ़// छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत बरमकेला में सोमवार को विद्युत विभाग द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिम्मेदार उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया। यह आयोजन बस स्टैंड बरमकेला में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देशानुसार तथा डिविजनल इंजीनियर पी.सी. महानंदा के मार्गदर्शन में सहायक अभियंता जी.पी. सिदार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैलाश पंडा, प्रदेश संयोजक कृषि व्यवसाय उद्यमिता किसान मोर्चा भाजपा छत्तीसगढ़ रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोहर पटेल उपाध्यक्ष भाजपा, मनोहर नायक अध्यक्ष प्रतिनिधि नगर पंचायत बरमकेला, गजानन गढ़तिया प्रदेश सदस्य, राजू नायक पार्षद और भरत नायक पार्षद सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि कैलाश पंडा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्युत विभाग के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं सीधे किसानों और आम उपभोक्ताओं तक पहुंच रही हैं। पीएम सूर्य योजना और किसान जीवन ज्योति योजना जैसी योजनाओं से लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है और बिजली व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हो रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल भुगतान करने की अपील करते हुए कहा कि इससे व्यवस्था बेहतर होगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कड़ी धूप, तेज बारिश और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लाइनमेन मदन सिदार और उनकी टीम लगातार सेवा देकर हर घर तक रोशनी पहुंचा रही है। ऐसे समर्पित कार्यों से ही क्षेत्र में भरोसेमंद बिजली व्यवस्था कायम हो पा रही है।
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के इस आयोजन में विद्युत विभाग द्वारा उन उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जो नियमित रूप से समय पर बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं। सम्मानित उपभोक्ताओं में मोहन पटेल, भरतलाल नायक, रतन पटेल, रमेश इजारदार, सुभाष पाणिग्रही, चक्रधर नायक सहित अन्य उपभोक्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना और जिम्मेदार उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में बरमकेला क्षेत्र के उपभोक्ता और किसान शामिल हुए और विद्युत विभाग की योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।


