सरकारी नौकरी के नाम पर 20 लाख की ठगी: दुर्ग से महाठग विवेक कुमार शर्मा गिरफ्तार, साथी फरार..

शेयर करें...

रायगढ़// सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह पर पुसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में मुख्य आरोपी विवेक उर्फ विवेक कुमार विश्वकर्मा उर्फ विवेक कुमार शर्मा निवासी वैशाली नगर, दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं उसका सहयोगी सितेश पाणिग्राही निवासी ग्राम गोपालपुर, थाना चन्द्रपुर, जिला सक्ती फरार है, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही है।

Join WhatsApp Group Click Here

नौकरी दिलाने के झांसे में 20 लाख से ज्यादा की ठगी

मामले के शिकायतकर्ता कुंजबिहारी पटेल (32 वर्ष) निवासी ग्राम घुघवा, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों ने मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे किस्तों में 4,58,300 रुपये और बाद में 3,69,000 रुपये लिए। इसी तरह गांव के ही मुन्ना प्रसाद डनसेना निवासी ग्राम घुघवा, थाना पुसौर से 3,77,000 रुपये और देवकुमार निवासी ग्राम घुघवा, थाना पुसौर से 8,00,000 रुपये लेकर कुल 20,04,000 रुपये की ठगी की गई।

फर्जी चेक देकर किया धोखा, बैंक में खुली पोल

जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी सितेश पाणिग्राही उन्हें दुर्ग ले गया, जहां विवेक कुमार शर्मा से मुलाकात कराई गई। दोनों ने पैसे लेने की बात स्वीकार करते हुए चेक दिए, लेकिन बैंक में जमा करने पर सभी चेक बाउंस हो गए। इसके बाद ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी विवेक शर्मा के कब्जे से एचडीएफसी बैंक का चेक, बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस की कार्रवाई जारी, एसएसपी की अपील

मामले में पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक मोहन भारद्वाज, एएसआई मनमोहन बैरागी, प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता और आरक्षक राहुल सिदार की टीम ने आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार किया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। एसएसपी ने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Scroll to Top