शेयर करें...
रायगढ़// सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के चक्कर में सार्वजनिक सड़क पर बाइक से खतरनाक स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकतें करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। चक्रधरनगर पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और एसडीएम न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल दाखिल करा दिया।
दो बाइक पर सवार होकर कर रहे थे स्टंटबाजी
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की रात दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान वे चलती मोटरसाइकिल पर खतरनाक स्टंटबाजी करने के साथ आपत्तिजनक और अशोभनीय हरकतें कर रहे थे। युवक इन करतूतों का वीडियो भी बना रहे थे।
इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में युवकों की हरकतों को रिकॉर्ड कर चक्रधरनगर थाना प्रभारी को इसकी जानकारी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह को अवगत कराया। एसएसपी ने युवकों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अभिभावकों के साथ थाने बुलाकर दी समझाइश
निर्देश के बाद थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने पुलिस टीम के माध्यम से वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान की और उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। पुलिस ने उन्हें समझाइश दी कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी स्वयं के साथ-साथ राहगीरों और दूसरे वाहन चालकों की जान के लिए भी खतरा है।
इसके बावजूद कृत्य की गंभीरता को देखते हुए पांचों युवकों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस तथा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। वहां से जेल वारंट जारी होने पर पुलिस ने पांचों को जेल दाखिल करा दिया।
इन पांच युवकों पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए युवक इस प्रकार हैं:
- विद्याधर देवांगन पिता नारायण देवांगन, उम्र 21 वर्ष, निवासी संजय नगर सिंधी कॉलोनी, पक्की खोली, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़।
- ऋतिक बरेठ पिता चेतन बरेठ, उम्र 21 वर्ष, निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी, थाना चक्रधरनगर।
- आशीष चौहान पिता उजागर चौहान, उम्र 21 वर्ष, निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी, चक्रधरनगर।
- आकाश शर्मा पिता रामेश्वर शर्मा, उम्र 21 वर्ष, निवासी पहाड़ मंदिर रोड, कौहाकुंडा, चक्रधरनगर।
- मनीष शर्मा पिता बोधी शर्मा, उम्र 21 वर्ष, निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी, चक्रधरनगर।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की नजर, एसएसपी ने दी चेतावनी
रायगढ़ पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ऐसे वीडियो और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर कुछ लाइक और व्यूज पाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी जोखिम में न डालें। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों और वाहन चलाने के तौर-तरीकों पर नजर रखने की अपील की। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी, अशोभनीय हरकत और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

