तिरंगे के साथ निकला राष्ट्रप्रेम का कारवां, सरगांव–पथरिया में 25 किमी की भव्य यात्रा

शेयर करें...

मुंगेली/सरगांव। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के सरगांव–पथरिया मंडल में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के नेतृत्व में 25 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और हृदय में राष्ट्रप्रेम का भाव लेकर निकला यह कारवां विभिन्न ग्रामों एवं प्रमुख मार्गों से होते हुए जन-जन तक देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर पहुंचा।

Join WhatsApp Group Click Here

यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों, माताओं-बहनों एवं नागरिकों ने आतिशबाजी और पुष्पवर्षा कर उत्साहपूर्वक स्वागत किया। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

विद्यालय के बच्चों ने किया भावपूर्ण स्वागत

ग्राम बावली, धरदेई, रोहराकला एवं पड़ियाईंन में स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर कतारबद्ध खड़े होकर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। बच्चों के चेहरे पर राष्ट्रप्रेम और हाथों में लहराता तिरंगा यात्रा का सबसे प्रेरणादायी दृश्य रहा। 25 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में कदम-कदम पर राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

यह तिरंगा यात्रा मनियारी चौक सरगांव से प्रारंभ होकर अटल चौक सरगांव, वार्ड क्रमांक 09, मोहभट्ठा चौक, सॉवा, बिदबिदा, भाठापारा, बावली, धरदेई, रोहरा चौक, पड़ियाईंन, जरेली पेंड्री चौक, जुनवानी होते हुए पथरिया के भक्त माता कर्मा चौक पहुंचकर संपन्न हुई।

“तिरंगा हमारी आन, बान और शान” : कौशिक

इस अवसर पर धरमलाल कौशिक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि “तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। यह यात्रा हमें एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा का संकल्प देती है। आइए, हर घर में तिरंगा फहराएं और देश को विश्व गुरु बनाने में अपना योगदान दें।”

कौशिक ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र की एकता, अखंडता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को घर-घर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनी है। उन्होंने “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से अपने प्रतिष्ठानों एवं वाहनों पर गर्व के साथ तिरंगा लगाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर कैलाश सिंह ठाकुर, पोषण यादव, परमानन्द साहू,रामकुमार कौशिक, पंकज वर्मा,रणजीतसिंह हुरा ,मनीष साहू,निखिल कौशिक,चमेली विष्णु राजपूत, रामकिशुन जायसवाल, असद मोहम्मद,गोपाल जुनेजा,तरुण अग्रवाल, कमलेश अग्रवाल,उदित साहू,भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Scroll to Top