बुदबुदा स्कूल से शिक्षक की व्यवस्था बदली तो बिगड़ी पढ़ाई, पालकों ने रविशंकर साहू को वापस भेजने की उठाई मांग, तीन महिला शिक्षकों के बीच तैनाती से सुधरी थी व्यवस्था..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// विकासखंड बरमकेला के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बुदबुदा में पदस्थ शिक्षक रविशंकर साहू को व्यवस्था के तहत विजयपुर (रतनपाली) भेजे जाने के बाद अब उनकी वापसी की मांग उठने लगी है। शाला प्रबंधन समिति और पालकों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी बरमकेला को आवेदन सौंपकर साहू को पुनः बुदबुदा स्कूल में अध्यापन कार्य के लिए यथावत रखने की मांग की है। पालकों का कहना है कि शिक्षक के दूसरी जगह भेजे जाने से स्कूल की पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

Join WhatsApp Group Click Here

तीन महिला शिक्षकों के बीच साहू की भूमिका को बताया अहम

शाला प्रबंधन समिति के शिक्षाविद खेमानीधि साहू ने बताया कि बुदबुदा के पूर्व माध्यमिक स्कूल में लंबे समय से तीन महिला शिक्षकों की पदस्थापना है। कुछ वर्ष पहले शिक्षक रविशंकर साहू को भी यहां पदस्थ किया गया था। पालकों और स्कूल प्रबंधन समिति के अनुसार, उनके आने के बाद स्कूल की पढ़ाई व्यवस्था में सुधार देखने को मिला था। वे नियमित अध्यापन के साथ उन बच्चों को भी घर-घर जाकर स्कूल आने के लिए प्रेरित करते थे, जो नियमित रूप से पढ़ाई करने नहीं आते थे।

विजयपुर भेजे जाने के बाद पढ़ाई प्रभावित होने का दावा

इस वर्ष विजयपुर के शासकीय स्कूल में शिक्षकों की कमी के चलते रविशंकर साहू को व्यवस्था के रूप में वहां भेज दिया गया। इसके बाद बुदबुदा स्कूल में पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित होने की बात शाला प्रबंधन समिति और पालकों ने कही है। आवेदन में बताया गया है कि कुछ बच्चे अब नियमित रूप से स्कूल नहीं आ रहे हैं और शिक्षकों की बात नहीं मानने जैसी स्थिति भी सामने आ रही है। पालकों का कहना है कि रविशंकर साहू के रहने पर बच्चों से बेहतर समन्वय बना हुआ था।

स्कूल के कार्यालयीन काम में भी पुरुष शिक्षक की जरूरत

शाला प्रबंधन समिति और पालकों ने अपने आवेदन में यह भी कहा है कि स्कूल में अध्यापन के अलावा कई बाहरी एवं कार्यालयीन कार्य भी होते हैं, जिसके लिए एक पुरुष शिक्षक की आवश्यकता महसूस होती है। ऐसे में साहू को बुदबुदा में वापस लाने से स्कूल की शैक्षणिक और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिल सकती है।

बीईओ से पुनः बुदबुदा भेजने की मांग

शाला प्रबंधन समिति एवं पालकगण ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी बरमकेला को आवेदन देकर रविशंकर साहू को पुनः पूर्व माध्यमिक शाला बुदबुदा में अध्यापन कार्य के लिए यथावत रखने का अनुरोध किया है। अब देखना होगा कि पालकों की मांग और बुदबुदा स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था को देखते हुए शिक्षा विभाग इस व्यवस्था में क्या निर्णय लेता है।

Scroll to Top