अवैध संबंध के शक में खूनी खेल: पूरे परिवार पर तलवार से हमला, बुजुर्ग महिला की मौत, 7 घायल..

शेयर करें...

बिलासपुर// जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेंडरवा में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अवैध संबंध के शक में एक परिवार पर तलवार से हमला कर दिया गया, जिसमें 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला मुराद बी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।

Join WhatsApp Group Click Here

घर में घुसकर किया ताबड़तोड़ हमला

जानकारी के मुताबिक सुरेश श्रीवास को अपनी पत्नी के शेख सलीम से कथित संबंधों का शक था। इसी रंजिश में बुधवार शाम वह अपने बेटे सुमीत श्रीवास और नैतिक श्रीवास के साथ तलवार लेकर शेख सलीम को खोजते हुए उसके घर पहुंचा। सलीम के नहीं मिलने पर आरोपितों ने घर में मौजूद अन्य लोगों पर ही हमला कर दिया। इस दौरान मुराद बी पर तलवार से वार किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपितों ने महिलाओं और बच्चों पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

महिलाएं और मासूम भी बने शिकार

हमले में किसी का हाथ कटा, तो किसी के कान और नाक पर गंभीर चोटें आईं। घर में चीख-पुकार मच गई, लेकिन आरोपितों ने किसी पर रहम नहीं किया। पांच मासूम बच्चे भी इस हमले की चपेट में आए। हालांकि दो बच्चे उस समय बाहर खेल रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई। बच्चों ने बताया कि जब वे लौटे तो अपनी दादी को खून से लथपथ पाया।

घायल अस्पताल में भर्ती, गांव में तनाव

घटना के बाद घायलों को रतनपुर पुलिस द्वारा सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। वारदात के बाद गांव में दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात को संभालने में जुटे हैं।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास और उसके दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में और लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश और अवैध संबंध के शक से जुड़ा बताया जा रहा है।

Scroll to Top